बांकी मोंगरा पोस्ट ऑफिस में DG होने के बाद भी बिजली गुल का बहाना, कामकाज प्रभावित, लोग परेशान

बांकीमोंगरा। स्थानीय डाकघर में डीजल जनरेटर (DG) सेट मौजूद होने के बावजूद बिजली गुल होने का हवाला देकर कई बार कामकाज प्रभावित होने की बात सामने आई है। इससे डाकघर पहुंचने वाले लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है और आवश्यक कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कटते ही काम रोक दिया जाता है, जबकि परिसर में DG सेट भी लगा हुआ है। ऐसे में लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि यदि बिजली कटौती के समय सेवाएं जारी रखने के लिए DG की व्यवस्था की गई है, तो उसका उपयोग क्यों नहीं किया जा रहा है।

यदि DG सेट खराब है, तो उसकी समय पर मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? यह भी एक बड़ा सवाल है। यदि DG चालू स्थिति में है तो बिजली कटौती के दौरान उसका उपयोग क्यों नहीं किया जा रहा है, और यदि खराब है तो उसे लंबे समय तक ठीक क्यों नहीं कराया गया?
डाकघर में प्रतिदिन बचत खाता, स्पीड पोस्ट, पार्सल, आधार संबंधी कार्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली न होने का हवाला देकर कामकाज प्रभावित होने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
